#sagar #indefinitestrike #nagarnigam
Sagar Watch News/ नगर निगम कर्मचारियों की विभिन्न मांगों के निराकरण और समय पर वेतन भुगतान को लेकर निगम सभाकक्ष में सभी संघों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई।
बैठक में मप्र नगर निगम /नगर पालिका कर्मचारी संघ के प्रांतीय सचिव राजेश सिंह राजपूत, कर्मचारी कल्याण मोर्चा अध्यक्ष हरेन्द्र खटीक, सफाई कामगार यूनियन और अन्य संघों के पदाधिकारी शामिल हुए।
बैठक में निर्णय लिया गया कि समस्त कर्मचारियों और प्लेसमेंट श्रमिकों का बकाया वेतन होली से पहले भुगतान किया जाए। निगम परिषद के निर्णयानुसार सभी कर्मचारियों को क्रमोन्नति वेतनमान का लाभ दिया जाए, मृत और सेवानिवृत्त कर्मचारियों को भी यह लाभ मिले। उच्च न्यायालय के आदेशानुसार रिक्त पदों पर पदोन्नति की जाए और स्थायी कर्मचारियों को नियमित किया जाए।
इसके अलावा दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों की उपदान(Gratuity) 10 लाख रुपये किए जाने, स्मार्ट सिटी के कर्मचारियों को नगर निगम में विलय न करने, सभी विभागों को एक ही भवन में स्थानांतरित करने और नए भवन में फर्नीचर की व्यवस्था करने की मांग रखी गई।
गुरुवार को सुबह 11 बजे निगमायुक्त को ज्ञापन सौंपा जाएगा। इसके बाद 7 मार्च को सभी कर्मचारी सामूहिक अवकाश पर रहेंगे। यदि मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं हुई, तो 10 मार्च से सभी कर्मचारी बेमियादी हड़ताल पर चले जाएंगे।
Post A Comment:
0 comments so far,add yours