Priyanka Gandhi, Congress,MP
सागर वॉच। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी का आरोप है कि मप्र की भाजपा सरकार ने भाजपा 220 महीनों के शासन में 225 घोटाले किए हैं। लगभग हर महीने एक नया घोटाला कर रहे हैं।
उनका कहना है कि मप्र की जनता के साथ पिछले 18 सालों से जो हो रहा है, वह गलत हो रहा है। उससे तरह तरह के वादे किए जाते हैं लेकिन पूरे नहीं किया जाते हैं। धनादेश के बलपर जनादेश को कुचला जाता है। पिछले चुनाव में कांग्रेस पार्टी ने सरकार बनाई, लेकिन भाजपा ने सरकार तोड़ी और अपनी सरकार बना ली।
प्रियंका गांधी ने अपने संबोधन में घोटालों के नाम गिनाते हुए कहा कि भाजपा ने प्रदेश में रिश्वतराज और घोटालाराज कायम किया है। घोटाले पर घोटाला हो रहा है। इन्होंने नर्मदा मैया और महाकाल कॉरिडोर को भी नहीं छोड़ा। उसमें भी घोटाला किया है।
ये 18 सालों से सत्ता में हैं। कुछ दिनों पहले उन्होंने महिलाओं के लिए घोषणाएं कीं। वो इसलिए की क्योंकि छह महीने में चुनाव आ रहा है। इतने सालों से ये घोषणा क्यों नहीं की, चुनाव के पहले करने की क्या जरूरत है। इनका व्यवहार दिखा रहा है कि ये सब कर्मकांड है, उन्हें आपके कल्याण में कोई आस्था नहीं है।
मध्य प्रदेश में हमारे भी कुछ नेता थे जो सत्ता की वजह से छोड़कर चले गए।
कांग्रेस की सरकार वाले प्रदेशों में पुरानी पेंशन फिर से लागू हुई है। कांग्रेस ने अपने राज्यों में जो भी वादा किया, उसे पूरा किया। कर्नाटक में पांच गारंटी दी और सरकार बनते ही पूरा किया। हिमाचल ने हमने जो भी वादा किया, उसे पूरा कर रहे हैं।
अगर मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकार आती है तो हम कुछ गारंटी लाए हैं जिन्हें 100 प्रतिशत लागू करेंगे। हमने कर्नाटक में यही वादा किया था और सरकार बनते ही लागू किया। महिलाओं को हर महीने 1,500 रुपए, 500 रुपए में रसोई गैस सिलेंडर, 100 यूनिट बिजली माफ, 200 यूनिट बिजली हाफ, पुरानी पेंशन स्कीम लागू, किसानों का कर्ज माफ ।
आपको नकारने वाली राजनीति बहुत आगे बढ़ चुकी है। हम सबके लिए धर्म सर्वोपरि है लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि जनता के जज्बातों को उकसाया जाए और वोट मांगा जाए। उन्होंने कहा कि वो वोट मांगने नहीं, जागरूकता मांगने आईं हैं।
Post A Comment:
0 comments so far,add yours