Protest

Congress-मुख्यमंत्री का विरोध करेगी शहर- जिला कांग्रेस कमेटी

SAGAR WATCH/ 
 शहर जिला कांग्रेस कमेटी 14 मई को सागर आ रहे प्रदेश के मुख्यमंत्री के खिलाफ विभिन्न मुद्दों को लेकर विरोध प्रदर्शन करेगी। शहर- जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजकुमार पचौरी ने घोषणा की है कि भाजपा और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की इस दोगली राजनीति का पर्दाफाश आम जनता के बीच में करते हुए संपूर्ण कांग्रेस पार्टी उनका तीखा विरोध करेगी।

उन्होंने कहा है कि स्मार्ट सिटी के नाम पर लगभग 1300 करोड़ की राशि में से 70 फीसदी  रकम भ्रष्टाचार की बलि चढ़ चुकी है और सिर्फ 30 फीसदी  राशि के ही काम हुए हैं। जबकि शहर की जनता को सिर्फ परेशानियां ही हाथ लगी है। 

उन्होंने कहा कि सागर तालाब के सौन्दर्यीकरण के नाम पर भी भ्रष्टाचार हुआ  है। शहर की सड़के और गालियां  गड्ढों और मलबे के ढेर में बदली हुई है। स्मार्ट सिटी के नाम पर जिन सड़कों के चौड़ीकरण और निर्माण का जोर-शोर से हल्ला किया जा रहा है वे आज तक पूरी नहीं हो पाई है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और शिवराज सिंह की सरकार द्वारा ही पुलिस अकादमी और फॉरेंसिक साइंस लैबोरेट्री की अधिकांश गतिविधियों को यहां से पहले ही  समेट कर भोपाल ले जाया जा चुका है। अब ऐतिहासिक पं. मोतीलाल नेहरू स्कूल और महारानी लक्ष्मीबाई कन्या स्कूल के अस्तित्व को ही समाप्त किए जाने की साजिश हो रही है। 

उन्होंने आरोप लगाया है कि कांग्रेस की तत्कालीन सरकार की सौगात के रूप में स्थापित राजघाट बांध की ऊंचाई बढ़ाने के लिए कमलनाथ जी द्वारा मुख्यमंत्री रहते हुए स्वीकृत की गई 100 करोड रुपए से ज्यादा की राशि का सिर्फ राजनीतिक श्रेय के चलते उपयोग नहीं कर सागर की जनता को पर्याप्त और निरंतर पानी से वंचित रखा जा रहा है।

  प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता डॉ संदीप सबलोक के मुताबिक पार्टी के  सभी वरिष्ठ नेताओं, प्रदेश पदाधिकारीयों, ब्लॉक, मंडलम व सेक्टर कमेटियों,  कांग्रेस पार्षदों, सेवादल, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, एनएसयूआई, सभी विभाग, प्रकोष्ठ व समितियां के पदाधिकारी समेत आम कांग्रेसजनों ने समर्थन किया है।

Share To:

Sagar Watch

Post A Comment:

0 comments so far,add yours