#sagar #cm #folkArtist #padmshri

Sagar Watch News

Sagar Watch News/
 मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सागर जिला निवासी अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त लोकनृत्य कलाकार पद्मश्री रामसहाय पांडे के निधन पर दुख व्यक्त किया है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि श्री राम सहाय पांडे ने विपरीत परिस्थितियों में कला क्षेत्र को अपनाया और धारा के विपरीत बहते हुए इस क्षेत्र में अनेक उपलब्धियां अर्जित कीं। भारत के साथ अन्य देशों में भी उन्होंने बुंदेलखंड के राई लोक नृत्य को पहचान दिलवाई। उनके योगदान को रेखांकित करते हुए भारत सरकार द्वारा श्री पांडे को पद्मश्री से अलंकृत किया गया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बुंदेलखंड के गौरव, लोकनृत्य राई को वैश्विक पहचान दिलाने वाले लोक कलाकार पद्मश्री श्री पांडे का निधन मध्यप्रदेश और कला जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। लोक कला एवं संस्कृति को समर्पित उनका सम्पूर्ण जीवन हमें सदैव प्रेरित करता रहेगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्व. पांडे को श्रद्धांजलि देते हुए उनकी आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को यह दुख सहने करने की सामर्थ्य देने की ईश्वर से प्रार्थना की है।

बुंदेलखंड की पहचान 

लोक नृत्य राई के प्रसिद्ध कलाकार और पद्मश्री सम्मानित रामसहाय पांडे का निधन सागर के एक निजी अस्पताल में लंबी बीमारी के बाद हो गया। उनके निधन पर जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, सांस्कृतिक क्षेत्र से जुड़े लोगों और आम नागरिकों ने श्रद्धांजलि अर्पित की।

सागर विधायक शैलेन्द्र जैन, जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत, महापौर प्रतिनिधि सुशील तिवारी, और प्रशासनिक अधिकारियों सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने श्रद्धा सुमन अर्पित किए। संभाग आयुक्त डॉ. वीरेंद्र सिंह रावत और कलेक्टर संदीप जी आर ने उनके निधन को लोक संस्कृति के लिए अपूरणीय क्षति बताया।

रामसहाय पांडे (जन्म 11 मार्च 1933) ने राई नृत्य को सामाजिक मान्यता दिलाने में जीवन समर्पित कर दिया। वे बेड़िया समुदाय से नहीं थे, फिर भी उन्होंने इस परंपरागत नृत्य को राष्ट्रीय पहचान दिलाई। उन्हें 2022 में पद्मश्री, नृत्य शिरोमणि, और शिखर सम्मान सहित कई पुरस्कार मिले। उनकी अंतिम विदाई पूरे सम्मान के साथ की गई, मुखाग्नि उनके पुत्र संतोष पांडे ने दी।

Share To:

Sagar Watch

Post A Comment:

0 comments so far,add yours