#sagar #smartcity #award #heritageCity

Sagar Watch News

Sagar Watch News/
सागर शहर, जो अपनी ऐतिहासिक धरोहरों और विशाल जलस्रोतों के लिए प्रसिद्ध है, को विरासत शहर (Heritage City)  के रूप में विकसित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इन सतत विकास कार्यों का उद्देश्य नागरिकों की जीवन गुणवत्ता में सुधार लाना है, जिसे राष्ट्रीय स्तर पर लगातार सराहा जा रहा है।

स्मार्ट सिटीज इंडिया एक्सपो 2025 में सागर की उपलब्धि

दिल्ली के प्रगति मैदान में 19 से 21 मार्च 2025 तक आयोजित 10वें स्मार्ट सिटीज इंडिया 2025 एवं 32वें कन्वर्जेन्स इंडिया एक्सपो कार्यक्रम (32nd Convergence India Expo Program) के दौरान सागर को डिजिटल समावेशन और नागरिक सहभागिता हेतु अवार्ड से सम्मानित किया गया। 

यह आयोजन भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय, इंडिया ट्रेड प्रमोशन ऑर्गेनाइजेशन (India Trade Promotion Organization), वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय और एक्सजीवीशन ग्रुप (Exhibition Group) के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित किया गया था। इस अवसर पर सागर स्मार्ट सिटी के प्रतिनिधि के रूप में कंपनी सचिव रजत गुप्ता एवं पीएमसी एक्सपर्ट आशीष डे ने अवार्ड प्राप्त किया।

सागर स्मार्ट सिटी के विकास कार्यों की प्रदर्शनी

एक्सपो (Expo) के दौरान सागर स्मार्ट सिटी के विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी स्टॉल के माध्यम से प्रदर्शित की गई। इनमें डिजिटल तकनीक (Digital Technique) के उपयोग से नागरिकों के जीवन को बेहतर बनाने के प्रयास, लाखा बंजारा झील का जीर्णोद्धार, पुनर्विकास एवं सौंदर्यीकरण शामिल हैं। इन प्रयासों से ऐतिहासिक धरोहरों और जलस्रोतों से नागरिकों का बड़े स्तर पर जुड़ाव बढ़ा है।

लाखा बंजारा झील का पुनर्विकास और सांस्कृतिक गतिविधियाँ

चकराघाट पर गंगा आरती जैसे सांस्कृतिक आयोजनों से झील किनारे धार्मिक पर्यटन गतिविधियों में सकारात्मक परिवर्तन देखा जा रहा है। शहरी निवासियों के साथ-साथ दूर-दूर से आने वाले आगंतुक भी झील से जुड़ रहे हैं। 

नागरिक अपने परिजनों और मित्रों के साथ झील किनारे प्रसन्नता से समय बिता रहे हैं। नौकायन का आकर्षण भी बढ़ा है, जिसमें पुरानी नावों को नया स्वरूप देने के साथ ही पैडल बोट (Pedal Boat), मोटर बोट (Motor Boat) और क्रूज (Cruise) शामिल हैं। जल क्रीडा (Water Sports) में भी नागरिकों की रुचि बढ़ी है। 

डिजिटल म्यूजिकल फाउंटेन शो (Digital Musical Fountain Show) भी आकर्षण का केंद्र बना है। झील के आस-पास सुरक्षा हेतु कैमरे लगाए गए हैं और पर्याप्त डिजिटल लाइटिंग व्यवस्था से झील किनारा रौशन और आकर्षक हो गया है।

डिजिटल समावेशन और नागरिक सहभागिता के प्रयास

स्मार्ट सिटी द्वारा डिजिटल समावेशन और नागरिक सहभागिता में नागरिकों को सशक्त बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। सूचना और सेवाओं तक समान पहुँच सुनिश्चित करने के लिए एकीकृत कमान और नियंत्रण केंद्र (Integrated Command and Control Center) से विभिन्न विभागों की सेवाओं की मॉनिटरिंग की जा रही है और आवश्यक सूचनाओं को जन-जन तक उद्घोषणा  के माध्यम से पहुँचाया जा रहा है। डिजिटल तकनीकों का उपयोग कर आम जीवन को सुविधाजनक बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

पूर्व में प्राप्त पुरस्कार और सम्मान

सागर को पहले भी कई राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर सम्मानित किया जा चुका है। उदाहरण के लिए, 2023 में सूरत में आयोजित स्मार्ट सिटीज इंडिया अवार्ड्स (Smart Cities India Awards) में सागर को क्लीन सिटी अवार्ड (Clean City Awards) से नवाजा गया था। 

इसके अलावा, नवंबर 2023 में बैंगलुरू में आयोजित म्युनिसिपालिका-2023 सम्मेलन में सागर स्मार्ट सिटी को एक्सीलेंस अवार्ड (Excellence Awards) से पुरस्कृत किया गया था हाल ही में, नवंबर 2024 में लखनऊ में आयोजित ई-उत्तरप्रदेश सम्मेलन में सागर स्मार्ट सिटी को स्मार्ट सिटी डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर अवार्ड (Smart City Digital Infrastructure Awards) से सम्मानित किया गया था

इन सभी प्रयासों और उपलब्धियों से स्पष्ट है कि सागर शहर निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर है, जिससे नागरिकों की जीवन गुणवत्ता में सुधार हो रहा है और शहर की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों का संरक्षण सुनिश्चित हो रहा है।

Share To:

Sagar Watch

Post A Comment:

0 comments so far,add yours