Uma bharti, Politics
SAGAR WATCH/ मप्र की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती का कहना है लोग भले ही कुछ कहें पर उन्होंने राजनीति नहीं छोड़ी। वे 75 की ही नहीं 85 वर्ष की भी हो जाएँ तब भी राजनीति करतीं रहेंगी। उन्होंने यह भी कहा कि वो अगला चुनाव भी लड़ेंगीं और राजनीति भी करतीं रहेंगी।
भाजपा की तेज-तर्राट नेता मानी जाने वाली और पूर्व केंद्रीय मंत्री उमा भारती सोमवार ११ सितम्बर को दमोह लोकसभा क्षेत्र की रहली विधानसभा के शाहपुर के बस स्टैंड पर स्थापित वीरांगना रानी अवन्ती बाई की मूर्ती के अनावरण कार्यक्रम में शामिल होने आयीं थीं।
इस मौके पर यहाँ पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 का चुनाव लड़ने से इसलिए मना कर दिया था क्योंकि काम करते-करते बहुत वक्त हो गया था तो पांच साल का ब्रेक ले लिया।
इसी सिलसिले में उन्होंने कहा कि उन्हें ऐसा लगा कि उनके ब्रेक लेने से लोग ऐसा न मानने लगें कि उन्होंने राजनीति छोड़ दी। उन्होंने कहा कि वे हमेशा कहतीं आयीं हैं कि " मैंने राजनीति नहीं छोड़ी है। मैं 75 की ही नहीं 85 की होने तक भी राजनीति करतीं रहूंगी। मैं अगला चुनाव भी लडूंगी।"
केन-बेतवा नदी जोड़ो परियोजना और ललितपुर-सिंगरौली रेल लाइन समेत कई बड़ी विकास परियोजनाओं का जिक्र करते हुए बीजेपी नेता ने कहा कि वह राजनीति में थीं, इसलिए ये परियोजनाएं हकीकत बन सकीं। भारती ने कहा कि उन लोगों ने राजनीति को बर्बाद कर दिया है, जो इसे विलासिता का साधन मानते हैं।
उन्होंने कहा कि उनका जीवन धन्य हो गया क्योंकि उन्होंने राजनीति को ही भगवत प्राप्ति का माध्यम समझा। इसलिए राजनीति कभी नहीं छोडूंगी। जब तक लोगों की जरूरतें बनीं रहेंगी उनको पूरा करने तक जीवित रहूँगी और राजनीती करती रहूँगी।
मध्य प्रदेश में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं, जबकि लोकसभा चुनाव अगले साल प्रस्तावित हैं। भारती ने आखिरी बार 2014 में झांसी (उत्तर प्रदेश) से लोकसभा चुनाव लड़ा था। जीत के बाद वह नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार में मंत्री पद पर काबिज हुई थीं।
Post A Comment:
0 comments so far,add yours