#sagar #khajuraho #PM #ken-betwa
Sagar Watch News/ प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन की शुरूआत बुंदेलखंडी बोली में करते हुए कहा, 'वीरों की धरती ई बुंदेलखंड पे रहबे बारे सबई जनन खों हमाई तरफ से हाथ जोड़के राम-राम पौंचे'। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी का योगदान सदैव याद रखा जाएगा। उनकी स्मृति में 1153 अटल ग्राम सेवा सदन की शुरुआत हुई।
सुशासन हमारी सरकार की पहचान है, और विकास व जनकल्याण सर्वोपरि हैं। प्रधानमंत्री ने केन-बेतवा लिंक परियोजना को बुंदेलखंड क्षेत्र की समृद्धि और जल संकट के स्थायी समाधान के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने अटल जी की नदी जोड़ो योजना को आगे बढ़ाने और जल शक्ति में बाबा साहेब अंबेडकर के योगदान को सराहा।
11 लाख हेक्टेयर भूमि होगी सिंचाई
उन्होंने जल जीवन मिशन के तहत 12 करोड़ परिवारों को नल से जल उपलब्ध कराने और जल संरक्षण के प्रयासों की जानकारी दी। प्रधानमंत्री ने 45,000 करोड़ की सिंचाई परियोजना और दौधन बांध का शिलान्यास करते हुए कहा कि यह परियोजना 11 लाख हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा देगी।
दुनिया के 10 प्रमुख पर्यटन ठिकानों (Tourist Destination) में शामिल
मध्यप्रदेश को पर्यटन में अग्रणी बताते हुए उन्होंने राज्य की ईको और हेरिटेज टूरिज्म की संभावनाओं का उल्लेख किया। खजुराहो में G-20 बैठक और स्वदेश दर्शन योजना के तहत पर्यटन को बढ़ावा देने की सराहना की। उन्होंने मध्यप्रदेश को दुनिया के 10 प्रमुख टूरिस्ट डेस्टिनेशन में शामिल बताया और पन्ना टाइगर रिजर्व में पर्यटन के विस्तार की योजनाओं का जिक्र किया।
विश्व की तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत जल्द ही विश्व की तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति बनेगा। पिछले दो दशकों में मध्यप्रदेश ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है और यह प्रदेश देश की शीर्ष अर्थव्यवस्थाओं में शामिल होगा। उन्होंने बताया कि डबल इंजन सरकार के विकास कार्यों से विकसित बुंदेलखंड, मध्यप्रदेश और भारत का निर्माण हो रहा है।
सुशासन-फर्जीवाड़े पर रोक लगी
सुशासन के महत्व पर जोर देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि जनता को अपने अधिकारों के लिए संघर्ष न करना पड़े। तकनीकी के उपयोग से फर्जीवाड़े पर रोक लगी है। गरीबों के जन-धन खाते खोलकर उन्हें आधार और मोबाइल से जोड़ा गया, जिससे योजनाओं की राशि सीधे उनके खाते में पहुंच रही है। "एक देश-एक राशन कार्ड" योजना से गरीबों को मुफ्त राशन मिल रहा है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि सुशासन की वर्तमान चुनौतियों का समाधान करते हुए भविष्य की जरूरतों पर भी ध्यान दिया जा रहा है।
इस मौके पर जहां मप्र में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने केन-बेतवा नदी जोड़ो परियोजना के शुरुआत को बुंदेलखंड सहित मध्यप्रदेश के लिए ऐतिहासिक दिन बताया।
कार्यक्रम में राज्यपाल मगुभाई पटेल, केन्द्रीय ग्रामीण विकास तथा कृषि तथा किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिेंह चौहान, केन्द्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री वीरेन्द्र खटीक, मध्यप्रदेश के उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा एवं राजेन्द्र शुक्ल, पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद मंडला फग्गन सिंह कुलस्ते सहित जन-प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में जनसमुदाय उपस्थित रहा।
Post A Comment:
0 comments so far,add yours