#sagar #annualFunction #kv4
Sagar Watch News/ डॉ. हरीसिंह गौर विश्वविद्यालय स्थित केन्द्रीय विद्यालय क्र. 4 में गुरुवार को वार्षिक खेल दिवस मनाया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में विद्यालय प्रबंधन समिति के नामित अध्यक्ष प्रो. नवीन कांगो एवं विशिष्ठ अतिथि शारीरिक शिक्षा विभाग के निर्देशक प्रो. विवेक बी. साठे का विद्यालय के प्राचार्य श्री राजेंद्र सिंह वर्मा ने हरित पौधा प्रदान कर स्वागत किया। मुख्य अतिथियों द्वारा वार्षिक खेल समारोह का मशाल जलाकर विधिवत उद्घाटन किया गया।
इस अवसर पर बच्चों ने स्वागत गीत जैसे “आपका स्वागत हैं” से कार्यक्रम का शुभारंभ किया। विद्यालय के प्राचार्य ने अपने भाषण द्वारा सभी अतिथियों का स्वागत किया। झंडा रोहण कर वार्षिक खेल उत्सव का आगाज किया गया। इस अंतर सदनीय प्रतियोगिता में चार सदन शिवाजी, टैगोर, अशोका व रमन सदनों के छात्र छात्राओं द्वारा मार्च पास्ट कर विद्यालय के वार्षिक खेल दिवस में पूरे तन मन से प्रतिभाग करने की शपथ ली गई।
इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने एरोबिक नृत्य के माध्यम से बच्चों से लेकर बड़ों को खेलों में प्रतिभाग करने के लिए प्रोत्साहित किया। इसके बाद बालक और बालिकाओं के लिए अलग-अलग खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया जिसमें 100 मी, 200 मी दौड़, रिले दौड़ के अलावा क्रिकेट, चेस, गोला फेंक आदि भी सम्मिलित की गई।
इसमें पहले स्थान पर अशोका सदन, दूसरे स्थान पर टैगोर सदन तथा तीसरे स्थान पर रमन सदन रहा. विद्यालय के अध्यापक-अध्यापिकाओं के लिए भी 100 मी. दौड़ एवं क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया।
मुख्य अतिथि प्रो. नवीन कांगो ने अपने संबोधन में खेल को बच्चों के शारीरिक विकास के लिए आवश्यक बताया। वहीं प्रोफेसर साठे ने बच्चों को खेल गतिविधियों में सहभागिता हेतु प्रोत्साहित किया। प्रतियोगिता में श्रेष्ठ प्रदर्शन कर पहले, दूसरे और तीसरे स्थान पर रहने वाले प्रतिभागियों को मेडल देकर पुरस्कृत किया गया।
इस दौरान प्राचार्य ने विद्यालय के शिक्षकों की बच्चों के प्रति समर्पण भाव की प्रशंसा की. कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के शिक्षक श्री योगेन्द्र कुमार द्वारा सभी प्रतिभागियों को, उत्साहवर्धन करने वाले दर्शक व विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दी तथा सभी शिक्षकों, विद्यार्थियों, अतिथियों एवं खेल प्रभारी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन झंडा उतार कर राष्ट्रगान के साथ हुआ।
Post A Comment:
0 comments so far,add yours