सागर वॉच/ देश में सरकारी मेडीकल कॉलेजों और निजी मेडीकल कॉलेजों में फीस की असमानता समाप्त की जाना चाहिए। इस प्रक्रिया से देश में ज्यादा चिकित्सक बनेंगे और लेागों को सस्ता इलाज उपलध होगा। यह बात लोसपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष रघु ठाकुर ने कही।
उन्होंने कहा कि भारत से इस समय यूक्रेन, रूस सहित अन्य देशों में बच्चे मेडीकल शिक्षा के लिए जा रहे हैं क्योंकि वहां मेडीकल की पढ़ाई भारत की तुलना में सस्ती है। देश की चिकित्सा शिक्षा व्यवस्था की असफलता के कारण ही आज विदेशों में भारतीय छात्र फंसे हुए हैं। उन्हें शीघ्र सुरक्षित वापस लाने की व्यवस्था होनी चाहिए।
यूक्रेन पर रूस का हमला समूची दुनिया के लिए चिंता का विषय है। दुनिया में आर्थिक, सामरिक और साम्यवादी साम्राज्यवाद चल रहा है। रूस पुरानी व्यवस्था लागू कर अलग हुए देशों को अपने साथ जोडऩा चाहता है। इस प्रक्रिया से दुनिया का शक्ति संतुलन बिगड़ सकता है। भारत सरकार की नीति दो तरफा खतरे से भरी है। तटस्थता कोई सिद्धांत नहीं होता भारत को रूस की मित्रता पर भरोसा है, तो वह केवल बयानों तक सीमित न रहे।
रघुठाकुर ने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार पर तीन लाख करोड़ का कर्ज हो गया है।औसत हर नागरिक पर 40 हजार रूपयेकर्ज है।राज्य सरकार संपत्ति व पैसे लुटा रही है सरकारी जमीन, निजी लोगों को बेची जारही है। सरकार विधायकों और पूर्व विधायकों को राजधानी में नगण्य मूल्य पर भूखंड और मकान दे रही है। यह प्रदेश की जनता के साथ अन्याय और असंवैधानिक है।
सरकारी बिश्राम घरों में विधायकों को मुफ्त में नाश्ता और रुकने की व्यवस्था प्रस्तावित की गई है। यह लूट शर्मनाक है। लोसपा इसका विरोध करेगी। सरकार फिजूल खर्ची रोके, अमीरों से कर वसूला जाये, गरीबों को छूट दी जाये तभी व्यवस्था सुधरेगी।
ठाकुर ने कहा कि देश में इससमय अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को छीना जा रहा है। लोग सरकार की गलत नीतियों के खिलाफ बोलने से डरते हैं। संवैधानिक संस्थाओं पर भरोसा खत्म हो रहा है। सत्ता ,तिजौरी और कॉर्पोरेट की गुलाम बनकर ये संस्थायें रह गईं हैं। देश में लेखन के आधार पर पत्रकारों को गिरफ्तार किया जा रहा है यह अनुचित है। मजदूरों के आंदोलन खत्म हो गये हैं। सरकारें पूंजीपतियों के इशारे पर संचालित हो रही हैं।