#sagar #srijan #congress
Sagar Watch News/ अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने “संगठन सृजन अभियान” की शुरुआत की है। इस रणनीतिक और व्यापक अभियान का उद्देश्य पार्टी को निचले स्तर से मजबूत बनाना, नए नेतृत्व को उभारना और कार्यकर्ताओं को सक्रिय कर जनता से सीधा संवाद स्थापित करना है।
इस अभियान को लेकर कांग्रेस के केंद्रीय पर्यवेक्षक शरद राऊत सागर पहुंचे। उन्होंने पत्रकार वार्ता में बताया कि यह पहल कांग्रेस की मूल विचारधारा — सामाजिक न्याय, समावेशिता और जनकेंद्रित विकास — को और प्रभावी बनाने की दिशा में एक निर्णायक कदम है। इस अभियान के तहत हर बूथ पर सक्रिय कार्यकर्ता समूह बनाए जाएंगे और स्थानीय मुद्दों पर आंदोलन तथा जन संवाद को प्राथमिकता दी जाएगी।
पूर्व मंत्री चौधरी राकेश सिंह चतुर्वेदी ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस द्वारा जिला, ब्लॉक और बूथ स्तर पर संगठनात्मक सशक्तिकरण की दिशा में ठोस कार्य शुरू हो चुका है। कार्यकर्ताओं को जवाबदेही के साथ सशक्त बनाते हुए स्थानीय नेतृत्व को प्रोत्साहित किया जाएगा।
संगठन सृजन अभियान के तहत शिक्षा, स्वास्थ्य, बेरोजगारी, किसानों की समस्याएं, महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण विकास जैसे मुद्दों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। साथ ही कांग्रेस की नीतियों और उपलब्धियों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
पीसीसी पर्यवेक्षक मनोज कपूर ने कहा कि युवाओं और महिलाओं को जोड़ने के लिए डिजिटल प्रचार, प्रशिक्षण कार्यक्रम, जनसभाएं, चौपाल और रैलियों का आयोजन किया जाएगा। सोशल मीडिया का उपयोग कर कांग्रेस की पहुंच गाँव-गाँव तक बढ़ाई जाएगी।
जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष राजकुमार पचौरी ने बताया कि सृजन अभियान से कांग्रेस ग्रामीण व शहरी दोनों स्तरों पर मजबूती से उभरेगी।
प्रवक्ता डॉ. संदीप सबलोक और आशीष ज्योत्षी ने अंत में कहा कि मीडिया के माध्यम से इस अभियान का संदेश जन-जन तक पहुँचाकर पार्टी कार्यकर्ताओं को प्रेरित करने की कोशिश की जा रही है, ताकि संगठनात्मक मजबूती में हर स्तर के कार्यकर्ता की भूमिका सुनिश्चित हो सके।
Post A Comment:
0 comments so far,add yours