Smart City Award


SAGAR WATCH/ 
ब्रिलिएंट कन्वेंशन सेंटर इंदौर मध्य प्रदेश में इंडिया स्मार्ट सिटीज कांक्लेव-2023 के दो दिवसीय गरिमामयी आयोजन के दौरान आज इंडिया स्मार्ट सिटीज अवार्ड-2022 के विजेताओं को राष्ट्रपति श्रीमती द्रोपदी मुर्मू द्वारा अवार्ड से सम्मानित किया गया। 

सागर स्मार्ट सिटी को बेस्ट मोबिलिटी केटेगरी में तृतीय पुरस्कार से केंद्रीय आवास एवं शहरी विकास मंत्री हरदीप सिंह पुरी एवं केंद्रीय राज्य मंत्री कौशल किशोर ने सम्मानित किया। सागर स्मार्ट सिटी के कार्यकारी निदेशक चंद्र शेखर शुक्ला ने टीम के अन्य सहयोगियों के साथ यह अवार्ड प्राप्त किया। 

सागर स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा इंटेलीजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम परियोजना के माध्यम से शहर की यातायात व्यवस्था सुधार एवं यातायात सुरक्षा के लिए किए गए कार्यों की सराहना राष्ट्रीय मंच पर की गई। शहर में बेहतर मोबिलिटी और यातायात प्रबंधन के लिए सागर स्मार्ट सिटी को यह अवार्ड प्रदान किया गया है। 

इंडिया स्मार्ट सिटीज अवार्ड में लगातार बेहतर प्रदर्शन करते हुए सागर स्मार्ट सिटी द्वारा अवार्ड प्राप्त करने पर मंत्री नगरीय विकास एवं आवास श्री भूपेंद्र सिंह ने सभी सागरवासियों सहित स्मार्ट सिटी की टीम को शुभकामनाएं एवं बधाई दी। 

इस दौरान मध्यप्रदेश के राज्यपाल मंगूभाई पटेल, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, मंत्री नगरीय विकास एवं आवास विभाग भूपेंद्र सिंह, मंत्री तुलसी सिलावट, मंत्री श्रीमती ऊषा ठाकुर, इंदौर सांसद  शंकर लालवानी, इंदौर महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव, सचिव आवास एवं नगरीय विकास विभाग भारत सरकार श्री मनोज जोशी आदि उपस्थित रहे। 


Share To:

Sagar Watch

Post A Comment:

0 comments so far,add yours