Sagar Watch News/ सोशल मीडिया का उपयोग समाज हित में किया जाए। सोशल मीडिया समाज-शासन को जोड़ने में सेतु का कार्य करता हैं। जनसंपर्क संचालनालय भोपाल के संचालक ने विभाग द्वारा आयोजित सागर संभाग की सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर कार्यशाला में व्यक्त किए।
कार्यशाला में संचालक अंशुल गुप्ता ने बताया कि सोशल मीडिया के माध्यम से घर बैठे देश-विदेश की शासन योजनाओं और आम जनहित की जानकारी प्राप्त की जा सकती है। इन योजनाओं का सही उपयोग करके लोग अपने जीवन में आगे बढ़ सकते हैं।
उन्होंने कहा कि हम सभी दिनभर सोशल मीडिया का उपयोग करते हैं, इसलिए इसका लाभकारी और जानकारीपूर्ण उपयोग करना आवश्यक है। सोशल मीडिया का उपयोग योजनाओं की जानकारी लेने और अपने जीवन को बेहतर बनाने के लिए करना चाहिए।
इसके साथ ही, उन्होंने सोशल मीडिया का वैधानिक तरीके से उपयोग करने की सलाह दी, ताकि समाज या शासन को कोई नुकसान न हो। अंत में, उन्होंने सीखने की निरंतर प्रवृत्ति बनाए रखने पर जोर दिया, क्योंकि व्यक्ति जीवन के आखिरी पल तक कुछ न कुछ सीखता रहता है।
कार्यशाला में विषय विशेषज्ञ सर्वेश पंचोली द्वारा सोशल मीडिया का परिचय और संभावनाएं, सोशल मीडिया के मंच का परिचय, डिजिटल इनफ्लुएंसर बनने की संभावनाएं, सोशल मीडिया का प्रभाव, विकास की रणनीति, अनुयायी(Followers)बढ़ाने की रणनीति, कंटेंट प्लानिंग, कैप्शन राइटिंग, हैशटैग्स और एल्गोरिदम के बारे में जानकारी दी गई।
इसी तरह से सोशल मीडिया नियम और शर्तें, कॉपीराइट, निजता , मार्गनिर्देश , प्रमोशन के लिए आवश्यक नियमों के बारे विशेषज्ञ शुभम वर्मा द्वारा बताया गया।
प्रभावी कंटेंट निर्माण विभिन्न प्रकार के कंटेंट निर्माण ,रील्स, शॉर्ट्स और स्टोरीज के उपयोग के बारे में सतीश कुशवाह के द्वारा जानकारी दी गई।
वीडियो एडिटिंग, ग्राफिक डिजाइनिंग, स्क्रिप्ट राइटिंग के बारे में इरशाद अहमद जैदी द्वारा जानकारी दी गई।